तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर हैंडपंप से टकराई, हैंडपंप का हैंडल गले में घुसने से व्यक्ति की दर्दनाक मौत

मध्य प्रदेश में रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। तेज गति से चलने वाले वाहनों के नियंत्रण खो देने के कारण हर दिन यातायात दुर्घटनाएं होती हैं। ताजा मामले में उमरिया जिले के नौरोजाबाद थाना अंतर्गत गहिराटोला ग्राम पंचायत के नौसामर के पास एक तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे हैंडपंप से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पर बैठे जीजा-साले हैंडपंप से जा टकराए। हादसे में हैंडपंप का हैंडल गले में फंस जाने से जीजा की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
मृतक कोतवाली थाना अंतर्गत लोधा गांव का निवासी बताया जा रहा है। इस दुर्घटना में मृतक का साला गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना पाकर डायल 100 नौरोजाबाद मौके पर पहुंची। वाहन 108 की मदद से घायल साले को प्राथमिक उपचार के लिए उमरिया जिला अस्पताल भेजा गया। मृतक बहनोई को शव वाहन की मदद से नौरोजाबाद ले जाया गया।