मध्य प्रदेश की महिलाओं के लिए रक्षाबंधन इस बार खास बन गया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने लाड़ली बहना योजना के तहत महिलाओं को रक्षाबंधन पर तोहफे के रूप में ₹250 की अतिरिक्त सहायता राशि देने का ऐलान किया है। अब बहनों को हर महीने ₹1250 की बजाय ₹1500 मिलेंगे।
इस घोषणा की जानकारी खुद मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया के ज़रिए साझा की। उन्होंने कहा कि यह राशि रक्षाबंधन पर बहनों के लिए एक सम्मान और उपहार है। इस कदम से महिलाओं की आर्थिक स्थिति में सुधार होगा और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक और मजबूत पहल होगी।
मुख्यमंत्री का संदेश और विकास का संकल्प
सीएम मोहन यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश को आने वाले पांच वर्षों में विकास के पथ पर अग्रणी राज्य बनाना है। इसके लिए हर नागरिक का सहयोग जरूरी है। उन्होंने लाड़ली बहनों को दी गई इस सहायता को राज्य सरकार की महिलाओं के प्रति संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता का प्रतीक बताया।
मुख्यमंत्री का कहना था, “हमारी सरकार महिलाओं को आर्थिक रूप से सक्षम और सामाजिक रूप से सशक्त बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। रक्षाबंधन पर दी गई यह राशि इसी दिशा में एक और कदम है।
बरेली में तिरंगा यात्रा में दिखा जोश
इस घोषणा के बाद मुख्यमंत्री ने रायसेन जिले के बरेली में तिरंगा यात्रा में हिस्सा लिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में आमजन, लाड़ली बहनें और सामाजिक संगठनों ने भाग लिया। लोकनृत्य, स्कूली बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रम और फूलों की वर्षा ने माहौल को उल्लासमय बना दिया।