मऊगंज में 14 लाख का कथित घोटाला! मंत्री के स्वागत में काजू, किशमिश और गद्दों की लूट?
देवतलाव में मंत्री के स्वागत में 14 लाख खर्च! काजू-किशमिश से लेकर गद्दे-तकिए तक उठा ले गए, मंडल अध्यक्ष के खाते से पैसे!

देशभर में भ्रष्टाचार एक बड़ी चिंता का विषय बना हुआ है। जहां मौका मिलता है, वहां लूट शुरू हो जाती है – यही हाल अब मऊगंज और देवतलाव जैसे छोटे इलाकों तक पहुंच गया है। हाल ही में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसमें दावा किया जा रहा है कि मात्र एक मंत्री के स्वागत में लगभग 14 लाख रुपए खर्च कर दिए गए।
बताया गया है कि देवतलाव में आयोजित एक कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री का सिर्फ उद्घाटन करना था और उस दौरान मुश्किल से 100 लोग ही मौजूद थे, फिर भी खर्च का आंकड़ा 14 लाख रुपए तक पहुंच गया।
जानकारी के अनुसार, यह राशि भारतीय जनता पार्टी के एक मंडल अध्यक्ष के बैंक खाते से निकाली गई, जो अपने आप में गंभीर सवाल खड़े करती है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह के कार्यक्रमों में पंचायत सदस्यों पर दबाव बनाकर जबरन राशि वसूली जाती है। एक लाख रुपए तक पंचायतों से ले लिए जाते हैं—बिना किसी पक्के हिसाब के।
और तो और, कार्यक्रम खत्म होते ही काजू-किशमिश तक समेट लिए जाते हैं, रात में होने वाले आयोजनों के बाद गद्दे, तकिए, खटिया तक गायब हो जाती हैं।
यह सब सुनकर आम जनता में गहरा आक्रोश है। स्थानीय लोग कहते हैं कि विकास यात्रा और सरकारी कार्यक्रमों के नाम पर सिर्फ दिखावा हो रहा है, जबकि हकीकत में यह आयोजन भ्रष्टाचार की नई मिसाल बनते जा रहे हैं।