मध्यप्रदेश

वरिष्ट IPS मनीष शंकर शर्मा का इलाज के दौरान निधन, मुख्यमंत्री ने दी श्रद्धांजलि

मध्य प्रदेश पुलिस के विशेष पुलिस महानिदेशक (स्पेशल डीजी) मनीष शंकर शर्मा का शनिवार रात दिल्ली में इलाज के दौरान निधन हो गया। 1992 बैच के आईपीएस अधिकारी का पार्थिव शरीर भोपाल लाया जाएगा, जहां उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। मनीष शंकर शर्मा मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्य सचिव के.एस. शर्मा के पुत्र थे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उनके असामयिक निधन पर अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की है।

चार महाद्वीपों समेत कई महत्वपूर्ण पदों पर किया काम

मनीष शंकर शर्मा एक ऐसे आईपीएस अधिकारी थे, जिन्होंने अपने 28 साल के सेवाकाल में न केवल भारत बल्कि दुनिया के चार महाद्वीपों पर अपनी छाप छोड़ी। वैश्विक आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में उनकी रणनीतिक सोच और योगदान को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सराहना मिली। कैलिफोर्निया विश्वविद्यालय से अंतर्राष्ट्रीय सुरक्षा, आतंकवाद निरोध और सार्वजनिक नीति में मास्टर डिग्री प्राप्त शर्मा को संयुक्त राष्ट्र शांति पदक, राष्ट्रीय कानून दिवस पुरस्कार, व्यापार करने में आसानी पुरस्कार और पद्मश्री “आरएन जुत्शी” पदक जैसे प्रतिष्ठित सम्मान प्राप्त हुए हैं। 2015 में, सैन डिएगो सिटी काउंसिल ने उनके सम्मान में 20 जुलाई को “मनीष शंकर शर्मा दिवस” ​​घोषित किया और अमेरिकी प्रतिनिधि सभा ने भी उन्हें सम्मानित किया।

मनीष शंकर शर्मा आईपीएस को करियर नहीं बल्कि एक सेवा मानते थे

मध्य प्रदेश के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी मनीष शंकर शर्मा के निधन से प्रदेश में शोक की लहर है। उन्होंने कई महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है। उनका मानना ​​था कि आईपीएस एक कैरियर नहीं बल्कि एक सेवा है। 11 मई 1966 को होशंगाबाद में जन्मे मनीष शंकर शर्मा ने अपनी स्कूली शिक्षा डेली कॉलेज, इंदौर से पूरी की और स्कूल ऑफ सोशल साइंसेज, भोपाल से स्नातक किया। बाद में उन्होंने बिरला इंस्टीट्यूट, पिलानी से मार्केटिंग में एमबीए की डिग्री हासिल की।

1992 में आईपीएस के लिए चुने जाने के बाद, उन्होंने 1997 में संयुक्त राष्ट्र मिशन के साथ बोस्निया और हर्जेगोविना में सेवा की, जहां उन्होंने स्थानीय पुलिस को प्रशिक्षण प्रदान किया। मध्य प्रदेश के रायसेन, सतना, छिंदवाड़ा और खंडवा जैसे जिलों में पुलिस अधीक्षक के रूप में उनकी कार्यशैली ने अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था में सुधार के लिए उन्हें विशेष पहचान दिलाई।

शोक की लहर, मुख्यमंत्री ने दी श्रद्धांजलि

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा, मध्यप्रदेश के विशेष पुलिस महानिदेशक, रेल श्री मनीष शंकर शर्मा जी के असामयिक निधन का समाचार अत्यंत दु:खद है। पुलिस सेवा में तत्पर्य एक निष्ठावान, कर्तव्यनिष्ठ और समर्पित अधिकारी का असमय चले जाना निश्चित ही प्रदेश और समाज के लिए एक अपूरणीय क्षति है। ईश्वर दिवंगत पुण्यात्मा को शांति प्रदान करें और शोकाकुल परिवारजनों यह गहन दुःख सहन करने की शक्ति दें, यही प्रार्थना करता हूँ। विनम्र श्रद्धांजलि! ॐ शांति!

समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button