CM मोहन यादव ने जापान के कोबे शहर में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की

CM Mohan Yadav: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जापान के कोबे शहर में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर बापू को याद किया। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी का पूरा जीवन भारतीयों के लिए समर्पित था। बापू ने भारत की आजादी के लिए अंग्रेजों के खिलाफ लड़ाई लड़ी और भारत को आजादी दिलाई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अल्बर्ट आइंस्टीन ने गांधी जी के बारे में ठीक ही कहा था कि भविष्य की पीढ़ियों को इस बात पर विश्वास करने में मुश्किल होगी कि हाड़-मांस से बना ऐसा कोई व्यक्ति भी कभी धरती पर आया था। अहिंसा, स्वतंत्रता और मानवता के लिए काम किया। बापू हमारे आदर्श हैं और प्रेरणा श्रोत हैं। बापू ने दुनिया भर में भारतीयों का मान सम्मान बढ़ाया है। आज उनकी पुण्यतिथि पर मैं उनको स्मृरण करता हूं।

सीएम मोहन ने कहा कि मैं मध्यप्रदेश में निवेश और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए जापान की यात्रा कर रहा हूं। जापान सहित अन्य देशों में भी मध्य प्रदेश के प्रति रुचि बढ़ रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत उत्तरोत्तर प्रगति कर रहा है। ऐसे में सभी राज्य सरकारों की जिम्मेदारी है कि वे अपने राज्यों में औद्योगिक निवेश बढ़ाएं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जापान आर्थिक समृद्धि के साथ-साथ औद्योगिक क्षेत्र में भी काफी मजबूत स्थिति में है। जापान में लोग रिसर्च को महत्व देते हैं। यह देश अनेक प्रकार की संभावनाओं से भरा हुआ है। मेरी यह यात्रा जापान और मध्य प्रदेश के संदर्भ में एक मील का पत्थर साबित होगी।

Exit mobile version