जंगल में 20 वर्षीय युवती का शव मिलने से इलाके में फैली सनसनी, दुष्कर्म की आशंका

Panna Rape News: मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के जंगल में एक अज्ञात 20 वर्षीय युवती का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। स्थानीय श्रमिकों ने घटना की सूचना वन विभाग के कर्मचारियों को दी। इधर, घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, जिले के बृजपुर थाना क्षेत्र के पहाड़ी खेड़ा चौकी क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले कालिंजर रोड से 5 किलोमीटर अंदर जंगल में एक अज्ञात 20 वर्षीय युवती का शव मिला। वन विभाग को सूचना मिलने के बाद पुलिस को सूचित किया गया। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस फिलहाल लड़की के शव की शिनाख्त में जुटी है। बताया जा रहा है कि लड़की के शरीर पर चोटों के निशान हैं। ऐसा संदेह है कि लड़की की मौत गिरने से हुई होगी या उसके साथ बलात्कार किया गया होगा और वह घायल हो गई होगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का वास्तविक कारण पता चलेगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।