लाडली बहनों को मिलेंगे 3,000 महीने,मुख्यमंत्री मोहन यादव का ऐलान
दीपावली से लाड़ली बहनों को हर महीने ₹1500 मिलेंगे, 2028 तक ये राशि बढ़कर ₹3000 होगी; CM मोहन यादव ने सशक्तिकरण के लिए किया बड़ा ऐलान।

मध्य प्रदेश सरकार ने लाड़ली बहनों के लिए बड़ी घोषणा की है। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने ऐलान किया है कि दीपावली से बहनों को हर महीने ₹1500 की आर्थिक सहायता दी जाएगी, जो वर्तमान में ₹1250 है। उन्होंने यह भी कहा कि इस राशि को चरणबद्ध तरीके से बढ़ाकर वर्ष 2028 तक ₹3000 प्रतिमाह कर दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा, “हमारे संकल्प पत्र में ₹3000 का वादा किया गया था, और हम उसे डंके की चोट पर पूरा करेंगे। सरकार बनने से पहले ₹1000 दिए जाते थे, अब ₹1250 दिए जा रहे हैं, और दीपावली से ₹1500 शुरू होंगे। रक्षाबंधन पर बहनों को ₹250 अतिरिक्त दिए जाएंगे।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यह योजना सिर्फ आर्थिक मदद नहीं है, बल्कि महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है।
भैया शिवराज ने पहले ही कर दी थी घोषणा
गौरतलब है कि इस योजना की आधारशिला पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मार्च 2023 में रखी थी। उन्होंने ही ‘भैया’ बनकर लाड़ली बहनों से वादा किया था कि उन्हें भविष्य में ₹3000 प्रतिमाह की आर्थिक मदद दी जाएगी। इस घोषणा को विधानसभा चुनावों में भाजपा की सफलता का एक प्रमुख कारण भी माना गया था।
क्या है लाड़ली बहना योजना
लाड़ली बहना योजना के तहत प्रदेश की 21 से 60 वर्ष की महिलाओं को, जिनकी पारिवारिक वार्षिक आय ₹2.5 लाख से कम है, आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। योजना की शुरुआत ₹1000 प्रतिमाह से हुई थी, जो बढ़कर ₹1250 हुई और अब दीपावली से ₹1500 हो जाएगी।
फिलहाल 1 करोड़ 27 लाख से अधिक महिलाएं इस योजना से लाभान्वित हो रही हैं। यह योजना महिला सशक्तिकरण की दिशा में प्रदेश सरकार का एक मजबूत कदम मानी जा रही है।




