MP News: कलेक्टर और एसपी खुली जीप के बोनट पर बैठकर उड़ाई यातायात नियमों की धज्जियां, विडियो हो रहा वायरल

Neemuch News: यदि आम लोग यातायात नियम तोड़ते पाए जाते हैं तो उन पर जुर्माना लगाया जाता है। लेकिन मध्य प्रदेश के नीमच में अधिकारियों ने ही नियमों का उल्लंघन कर दिया। जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में एसपी और कलेक्टर खुली जीप के बोनट पर बैठकर घूमते नजर आ रहे हैं।
दरअसल, होली के दौरान ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों ने त्यौहार के बाद आज बड़े ही उत्साह के साथ होली मनाई। दो दिनों की सुरक्षा ड्यूटी पूरी करने के बाद पुलिस अधिकारी समारोह में शामिल हुए। इस दौरान पुलिस कर्मियों ने वाहन रैली भी निकाली। जिसमें नीमच कलेक्टर हिमांशु चंद्र और एसपी अंकित जायसवाल खुली जीप की बोनट पर बैठे नजर आ रहे हैं। वहीं, अन्य पुलिस अधिकारी व जवान भी बिना हेलमेट के मोटरसाइकिल पर डीजे की धुन पर नाचते-गाते नजर आए।
एक ओर पुलिस शहर में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ रोजाना कार्रवाई करती है। लेकिन अब हम देखते हैं कि जिन लोगों पर कानून की रक्षा करने और उसे लागू करने की जिम्मेदारी है, वे ही यातायात नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं। हर दिन लोगों को यातायात नियमों का पालन करने के लिए मजबूर करने वाली पुलिस का खुद नियमों को तोड़ना अब चर्चा का विषय बन गया है। जिसके बाद सवाल उठता है कि कानून व्यवस्था कौन लागू करेगा।