Singrauli Breaking News: मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां ऑर्केस्ट्रा में डांस करने आई एक युवती का अपहरण कर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। इसके बाद आरोपी उसे वहीं छोड़कर भाग गए। पुलिस ने इस मामले में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
मामला माडा के सितुल गांव थाना क्षेत्र का है। जहां छठी कार्यक्रम के दौरान आर्केस्ट्रा में डांस करने आई लड़की कार्यक्रम खत्म होने के बाद वापस लौट गई। इसी बीच बुधवार-गुरुवार की रात करीब ढाई बजे कुछ युवकों ने सड़क पर उसका अपहरण कर लिया। इसके बाद वे उसे जबरन जंगल में साखोहा शिव मंदिर की ओर ले गए। जहां एक-एक कर 8 आरोपियों ने दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मामले में 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। एसपी मनीष खत्री ने बताया कि मामले में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। अन्य की तलाश की जा रही है। लड़की का अस्पताल में इलाज चल रहा है।