सतना में 1 फंदे पर झूला प्रेमी जोड़ा बरौंधा क्षेत्र के जंगल में मिली युवक-युवती की लाश
दोनों एक-दूसरे से प्रेम करते थे, उन्होंने साथ जीने-मरने की कसमें खाई थीं लेकिन एक ही समाज के होने के बावजूद पुराना रिश्ता उनकी राह में अड़चन था। लिहाजा उन्होंने साथ मरने का वादा निभाते हुए एक साथ मौत को गले लगा लिया। प्रेमी जोड़े ने एक ही रस्सी में बने 2 फंदों पर झूलकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। उनके शव एक ही रस्सी पर झूलते जंगल में मिले।
क्या है पूरा मामला
यह घटना सतना के बरौंधा थाना क्षेत्र की है, जहां तेलाई चुवा गांव के पास भुइयन जंगल में बुधवार दोपहर युवक-युवती के शव फांसी के फंदे पर झूलते मिले। पुलिस के मुताबिक मृतकों की शिनाख्त ग्राम तेलाई चुवा निवासी शिवकुमार गोंड पिता श्यामसुंदर सिंह गोंड 24 वर्ष और सुकन्या सिंह गोंड पिता राजेन्द्र सिंह गोंड 19 वर्ष के रूप में की गई है। युवती और युवक दोनो मंगलवार की सुबह से ही घर से लापता थे। युवती के परिजनों ने तलाश के बाद बरौंधा थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
उन्होंने यह संदेह भी जताया था कि शिवकुमार उसे ले अपने साथ ले गया होगा। इस बीच बुधवार की दोपहर गांव और बस्ती से लगभग 3 किमी दूर भुइयन के जंगल में दोनों के शव एक पेड़ की डाल से एक साथ एक ही रस्सी पर बने दो फंदों में झूलते पाए गए।
ग्रामीणों ने परिजनों को और परिजनों ने बरौंधा पुलिस को शव देखे जाने की जानकारी दी। बरौंधा थाना प्रभारी आशीष धुर्वे ने मौके पर पहुंच कर पंचनामा बनवाया और दोनों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे।
थाना प्रभारी आशीष धुर्वे ने शुरुआती जांच में मिली जानकारी के मुताबिक बताया कि मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा है। दोनों एक ही समाज के थे और दोनों के घर भी आमने-सामने थे। दोनों के बीच पिछले काफी समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था।
जिसकी जानकारी गांव के कुछ लोगों को भी थी और परिजनों को भी संदेह था। दोनों आपस में शादी करना चाहते थे लेकिन दोनों रिश्ते में भाई-बहन लगते थे।
एक ही समाज के थे दोनो
इस वजह से एक ही समाज का होने के बावजूद उनका विवाह नहीं हो सकता था। वे भी ये जानते थे और उनके परिजन भी इस पर सहमत नहीं थे। विवाह की राह में रिश्ते की अड़चन से वे परेशानी महसूस कर रहे थे।
इसी बीच मंगलवार की सुबह युवती घर से लापता हो गई। घर वालों ने जब शिवकुमार की खोज खबर ली तो वह भी नदारद मिला। लिहाजा उन्हें संदेह हुआ कि शिवकुमार ही युवती को लेकर कहीं चला गया है।
लोगो ने सोचा घर से भाग गए
लोगों को आशंका थी कि दोनों भाग कर किसी और शहर में चले गए होंगे, लेकिन उनकी लाशें एक ही रस्सी पर झूलती मिल गई। इस घटना के बाद गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। दोनों के परिजनों का बुरा हाल है। पुलिस और छानबीन कर रही है और यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि कहीं घटना की वजह कुछ और तो नहीं।