भारत-पाक तनाव पर मध्यप्रदेश में हाई अलर्ट! 13 विभागों की छुट्टियां रद्द, प्रशासन सतर्क
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के ज़रिए जिलों के अधिकारियों से सीधे संवाद किया और सुरक्षा हालात का जायज़ा लिया

भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव को देखते हुए मध्यप्रदेश सरकार ने पूरे प्रदेश में हाई अलर्ट घोषित कर दिया है। राज्य सरकार ने सुरक्षा के लिहाज़ से सख्त कदम उठाते हुए प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। गृह मंत्रालय ने सभी जिलों के कलेक्टर और पुलिस अधीक्षकों को अलर्ट पर रहने की एडवाइजरी जारी की है।
मुख्यमंत्री ने की हालात की समीक्षा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के ज़रिए जिलों के अधिकारियों से सीधे संवाद किया और सुरक्षा हालात का जायज़ा लिया। उन्होंने सभी जिलों में आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने और जनता में भरोसा बनाए रखने के निर्देश दिए।
हर गरीब का सपना, अब हकीकत में: जानिए कैसे मिलेगी सरकार से घर बनाने की मदद
13 विभागों की छुट्टियां तत्काल प्रभाव से रद्द
सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेश में बताया गया कि राज्य के 13 महत्वपूर्ण विभागों के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियां तत्काल प्रभाव से रद्द कर दी गई हैं। इन विभागों को हर स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहने को कहा गया है।
जिन विभागों की छुट्टियां रद्द की गईं, वे हैं
चिकित्सा शिक्षा एवं लोक स्वास्थ्य
गृह विभाग
ऊर्जा विभाग
नगरीय विकास एवं आवास
पंचायत एवं ग्रामीण विकास
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी
खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति
लोक निर्माण विभाग
राजस्व विभाग
सामान्य प्रशासन
जल संसाधन
नर्मदा घाटी विकास
परिवहन विभाग
विशेष परिस्थितियों में ही मिलेगी छुट्टी
सरकार ने यह स्पष्ट किया है कि छुट्टियां केवल आपातकालीन या अत्यावश्यक कारणों जैसे गंभीर बीमारी, दुर्घटना, विवाह या घरेलू आपदा जैसी स्थितियों में ही दी जाएंगी। इसके लिए मंत्रालय से पूर्व अनुमति लेना अनिवार्य होगा।
सोशल मीडिया पर कड़ी नजर
गृह मंत्रालय ने सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने और भड़काऊ पोस्ट शेयर करने वालों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। साथ ही अस्पतालों को आवश्यक जीवनरक्षक दवाओं का पर्याप्त भंडार बनाए रखने को कहा गया है।