मध्यप्रदेशराजनीति

देर रात भोपाल के रैन बसेरा पहुंचे मुख्यमंत्री डॉ. यादव, जरूरतमंदों और महिलाओं को कंबल बांटे

CM Mohan Yadav: मध्य प्रदेश में ठंड बढ़ती जा रही है। ऐसे में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी सक्रिय दिखे। मुख्यमंत्री राजधानी भोपाल में रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 6 स्थित रैन बसेरे पहुंचे। मुख्यमंत्री ने ठंड से बचने के लिए यहां ठहरे लोगों से मुलाकात की और उन्हें कंबल भेंट किये तथा उनका हालचाल जाना। उन्होंने रात भर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और अधिकारियों को निर्देश दिये।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि इस समय बहुत ठंड पड़ रही है। इसके बाद वह लोगों से मिलने रैन बसेरे में पहुंचे। उन्होंने कहा, सरकार और सामाजिक व्यवस्था को दुरुस्त रखने की जिम्मेदारी है। ऐसे मौसम में रैन बसेरों में रहने वाले लोगों को कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए।

उन्होंने कहा, वरिष्ठ नागरिकों के लिए भी अलग व्यवस्था की जा रही है। साथ ही महिलाओं के लिए अलग लाइन होगी। इसके अलावा 60 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों के लिए आवास उपलब्ध कराया जाएगा।

सभी रैन बसेरों में राम-रोटी की व्यवस्था करें

मुख्यमंत्री डॉ. यादव यादगार-ए-शाहजहांनी पार्क स्थित रैन बसेरा पहुंचे। उन्होंने रैन बसेरे में मौजूद कुरवाई के श्री करोड़ीलाल प्रजापति, श्री हशीब खान, श्री संजु कुशवाहा, श्री रवि शर्मा और पथरिया दमोह के दिव्यांग श्री प्रताप मालवीय से चर्चा कर उनके हालचाल जाने और रैन बसेरे की व्यवस्था के बारे में जानकारी ली। राहगीरों ने बताया कि यहां की सभी व्यवस्थाएं ठीक हैं। भोजन की व्यवस्था भी होनी चाहिए।

इस पर मुख्यमंत्री ने कलेक्टर भोपाल को निर्देशित किया कि सभी रैन बसेरों में राम-रोटी की व्यवस्था करें। दिव्यांग श्री प्रताप मालवीय ने बताया कि वह हर एक-दो दिन में आ जाते हैं, उनकी चार बेटियां हैं, गुजारे की कोई व्यवस्था नहीं है, इसलिए वे यहां आकर रहते हैं। इस पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कलेक्टर को श्री प्रताप की हरसंभव मदद करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने सभी को कंबल प्रदान किए।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हमारी सरकार का मुख्य उद्देश्य समाज के हर व्यक्ति तक सहायता पहुंचाना है। ठंड के इस मौसम में किसी को भी परेशानी का सामना न करना पड़े, यही हमारी प्राथमिकता है। राहगीरों और गरीबों ने मुख्यमंत्री की इस संवेदनशीलता की सराहना करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने अपनी संवेदनशीलता का परिचय देते हुए सभी जरुरतमंदों को कंबल एवं गर्म कपड़े देकर सर्दी से जितना हो सके, बचने की अपील की।

समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button