MP की बहनों को रक्षाबंधन का तोहफा: अब हर माह मिलेंगे 1500 से 3000 रुपए, सीएम ने किया बड़ा ऐलान

सीएम मोहन यादव ने लाड़ली बहनों को दिवाली के बाद हर माह 1500 और 2028 तक 3000 रुपए देने का वादा किया, 93 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मातृ शक्ति को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए ‘लाड़ली बहना योजना’ में बड़ा ऐलान किया है। सतना जिले के सिंहपुर में आयोजित ‘मातृशक्ति उत्सव’ में उन्होंने घोषणा की कि 2028 तक लाड़ली बहनों को हर माह 3000 रुपए की सहायता राशि दी जाएगी।

सीएम ने कहा कि दीपावली के बाद भाईदूज तक सभी बहनों को 1250 की जगह अब हर महीने 1500 रुपए दिए जाएंगे। उन्होंने यह भी बताया कि प्रदेश में अब तक 12 हजार से अधिक महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं।

93 करोड़ से अधिक के 232 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 93 करोड़ रुपए से अधिक लागत के 232 विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें 44 करोड़ 7 लाख रुपए के 135 कार्यों का लोकार्पण और 49 करोड़ 11 लाख रुपए के 97 कार्यों का भूमिपूजन शामिल रहा।

सिंचाई के लिए सोलर पंप योजना का ऐलान

सीएम ने किसानों के लिए बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि राज्य सरकार अब सोलर पंपों के लिए अनुदान देगी ताकि किसान आत्मनिर्भर बन सकें। साथ ही उन्होंने सतना जिले में नर्मदा जल पहुंचाने का संकल्प भी दोहराया।

महिलाओं को मिला सम्मान, राखी और पौधों का अनूठा उपहार

इस उत्सव के दौरान लाड़ली बहनों ने मुख्यमंत्री को 20 फीट लंबी राखी भेंट की और राखी बांधी। मुख्यमंत्री ने नवांकुर बहनों को पौधे भेंट कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इन बहनों ने इन पौधों की देखभाल का संकल्प भी लिया।

महिला स्व-सहायता समूहों को मिला सीसीएल चेक

राज्य आजीविका मिशन के अंतर्गत 10 स्व-सहायता समूहों को सीसीएल राशि के प्रतीकात्मक चेक भी दिए गए। सीएम ने स्वयंसेवी समूहों द्वारा बनाए गए उत्पादों का अवलोकन और स्वाद दोनों लिया।

महिला सशक्तिकरण की दिशा में राज्य सरकार का मजबूत कदम

कार्यक्रम में नगरीय विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने भी कहा कि महिला स्व-सहायता समूहों के माध्यम से महिला उद्यमिता को नई दिशा दी जा रही है।

Exit mobile version