MP Crime News: मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले में इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली घटना हुई है। 19 साल की एक लड़की का कथित तौर पर अपहरण कर उसके साथ दुष्कर्म किया गया। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। थाना प्रभारी शिव सिंह यादव ने पीटीआई-भाषा को बताया कि जिला मुख्यालय से करीब 50 किलोमीटर दूर बैराड़ थाना क्षेत्र में शुक्रवार तड़के हुई इस घटना में आरोपी शामिल थे।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि महिला रात करीब एक बजे शौच के लिए अपने घर से बाहर निकली थी, तभी एक व्यक्ति उसका अपहरण कर पास में ही एक अन्य आरोपी के घर ले गया। अधिकारी ने बताया कि दोनों ने महिला के साथ कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म किया। उन्होंने बताया कि महिला किसी तरह घर लौटी और अपने परिजनों को घटना की जानकारी दी।
यादव ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ अपहरण, सामूहिक दुष्कर्म और धमकी देने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। इससे पहले 22 फरवरी को जिले में एक शादी समारोह के दौरान नशे में धुत किशोर ने पांच साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म किया था।
दरिंदगी के कारण उसके शरीर पर गंभीर चोटें, खरोंच और काटने के निशान हैं। पीड़ित मासूम को 28 टांके लगाने पड़े। बच्ची जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रही है। 17 वर्षीय आरोपी मासूम को सुनसान घर में ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मूले ने शुक्रवार को बताया कि यह खौफनाक घटना 22 फरवरी को एक शादी समारोह के दौरान हुई, जब 17 वर्षीय आरोपी बच्ची को सुनसान घर में ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
बच्ची के साथ हुई दरिंदगी के बारे में बात करते हुए मूले ने कहा, ‘पीड़िता के परिवार ने उसे घर में बेहोश पाया, उसके चेहरे पर खून के धब्बे थे। उसे स्थानीय सरकारी अस्पताल में शुरुआती इलाज दिया गया, जिसके बाद उसे विशेष देखभाल के लिए ग्वालियर ले जाया गया।