दहेज की भेंट चढ़ी विंध्य की बेटी पहली सालगिरह से पहले ससुराल में हत्या

सालगिरह के पहले ही थम गई जिंदगी की रफ्तार मारपीट में घायल नव विवाहिता की मौत दहेज के लिए हत्या का आरोप
दांपत्य जीवन मे प्रवेश की खुशियां अपनी एक साल की उम्र पूरी नहीं कर पाती। इससे पहले ही महिला की जिंदगी की रफ्तार थम गई। शादी की सालगिरह के एक माह पहले ही उसकी मौत हो गई। मायके वालों का आरोप है कि दहेज के लिए उसकी हत्या की गई है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, नादन देहात थाना क्षेत्र के जरियारी गांव निवासी राधा पटेल (21) की गुरुवार की सुबह जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। उसे गंभीर हालत में बुधवार की शाम अमरपाटन से सतना जिला अस्पताल रेफर किया था। उसने दम तोड़ दिया। डॉक्टरों की टीम ने नव विवाहिता के शव का पोस्टमॉर्टम किया।
शादी की सालगिरह आने वाली थी
मृतिका के भाई रामानुज पटेल पिता रामनरेश पटेल निवासी बाबुपुर रामनगर ने राधा की मौत को हत्या बताते हुए आरोप लगाया है कि उसकी बहन को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाता था। 5 लाख रुपए मायके से मंगवाने के लिए कहा जाता है। घर पर ससुर गिरजा, सास मनबसिया, देवर सुखेंद्र, ननद गुल्ली और ननदोई उमेश भी राधा को प्रताड़ित करते थे। पिछले साल राधा की शादी पुष्पराज पटेल पिता गिरजा पटेल से हुई थी। अगले महीने यानी 30 जनवरी को उसकी शादी की सालगिरह आने वाली थी लेकिन उससे पहले ही दहेज के लालच में उसकी बहन की जान ले ली गई।
पुष्पराज ने भाई के सामने भी राधा के साथ मारपीट की
रामानुज ने बताया कि मंगलवार की रात उसकी बहन राधा के साथ पुष्पराज ने मारपीट की। उसे रात भर पीटा गया और उसे करंट लगाया गया। अगले दिन सुबह गांव के परिचित लोगों के जरिए जानकारी मिलने पर जब वह जरियारी पहुंचा तो राधा की हालत खराब थी। बावजूद इसके पुष्पराज ने भाई के सामने भी राधा के साथ मारपीट की। उसने बहन को किसी तरह छुड़ाया और सीधे नादन थाना पहुंचा। पुलिस ने राधा को अमरपाटन अस्पताल में भर्ती करा दिया। वहां से रेफर होकर वह जिला अस्पताल लाई गई। यहां उसकी सांसें थम गईं। नादन पुलिस ने इस पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।