रीवा जिले मे “विकास यात्रा” बनी मनोरंजन यात्रा गले में सांप हांथ में बीन बीजेपी विधायक हुए वायरल

विधायक ने गर्दन पर लपेटा सांप बजाई बीन विकास यात्रा में भाजपा विधायक बने सपेरा VIDEO वायरल
रीवा में विकास यात्रा के दौरान एक अजीबोगरीब नजारा देखने को मिला। त्योंथर से BJP विधायक श्यामलाल द्विवेदी कुछ समय के लिए सपेरे बन गए। विधायक द्विवेदी ने गले में सांप डाला और बीन बजाने लगे। विकास यात्रा के मंच पर विधायक का ये अंदाज देख सामने बैठी भीड़ ने खूब तालियां बजाईं।
विधायक का VIDEO 12 फरवरी रविवार का बताया जा रहा है। जब त्योंथर विधायक श्यामलाल भी क्षेत्र में निकल रही विकास यात्रा में शामिल हुए। वे दोपहर में पटहट हायर सेकेंडरी स्कूल पहुंचे और यहां लोगों को संबोधित किया।
दरअसल, मध्यप्रदेश में भाजपा 5 फरवरी से विकास यात्रा निकाल रही है। जो कि 25 फरवरी तक चलेगी। यात्रा के जरिए मंत्रियों और विधायकों समेत तमाम BJP नेता और कार्यकर्ता जनता के बीच पहुंच रहे हैं और जनता के सामने राज्य सरकार के कराए विकास कार्यों और योजनाओं का गुणगान कर रहे हैं
अब जानते हैं विधायक के सपेरा बनने का किस्सा
जब पटहट में विकास यात्रा पहुंची तो वहां आम लोगों को भी बुलाया गया था। इसी भीड़ में एक सपेरा भी वहां पहुंचा, जिसका नाम ईश्वर है। वो खुद भी भाजपा कार्यकर्ता है। उसका कहना है कि उसे जो कुछ भी
मिला है, शिवराज सिंह चौहान के कारण संभव हुआ है। सालों से बीन बजाकर जीवनयापन कर रहा था, लेकिन अब हमें बीन की जरूरत नहीं है।
विधायक से कहा अब आप CM के सामने जाकर बीन बजाएं
ईश्वर सपेरे ने बताया कि मैंने विधायक श्यामलाल द्विवेदी से कहा कि आप भोपाल जाकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के सामने बीन बजाएं। साथ ही उन्हें बताएं कि गांव पहले से बदल गए हैं। अगर आपसे बीन बजाते नहीं बनेगी तो हम ट्रेनिंग देंगे।
इसके बाद वे (विधायक) सपेरा बनकर भोपाल जाएं और सरकार के सामने बीन बजाएं। सपेरे ने कहा कि आज भाजपा के कारण ही अंतिम छोर में बैठे गरीब को योजनाओं का लाभ मिल रहा है।
सादगी के लिए जाने जाते हैं विधायक
भाजपा कार्यकर्ताओं का कहना है कि 69 साल के विधायक श्यामलाल द्विवेदी अपनी सादगी के लिए जाने जाते हैं। उनके साथ न लाव लश्कर है, न कोई सत्ता का टशन, न कहीं विरोध होता है। वे कोनी ग्राम पंचायत से 25 साल सरपंच, 5 साल जिला पंचायत सदस्य, 10 साल भाजपा मंडल अध्यक्ष, 5 साल भाजपा जिला उपाध्यक्ष भी रह चुके हैं।
पूर्व मंत्री व स्थानीय विधायक रमाकांत तिवारी के निधन के बाद साल 2018 के विधानसभा चुनाव में विधायक का टिकट मिला। इसके बाद वह विधायक बनकर क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।