सागर जिले के कांग्रेस विधायक ने लाडली बहना योजना के तहत महिलाओं को दिया 1500-1500 रुपए!

मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना से छूटी बहनों को हर माह सागर के कांग्रेस नेता ने 1500-1500 रुपए की राशि देने का निर्णय लिया है। वे सागर विधानसभा क्षेत्र की 23 वर्ष से कम और 60 वर्ष से अधिक
आयु की विवाहित महिलाओं को उक्त राशि देंगे। शुक्रवार को सागर जिले के कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष अखिलेश मोनी केशरवानी ने दीपा पति आर्यन पटेल, दीपिका पति रवि कुशवाहा, काजल पति शैलेंद्र पटेल,
अनीता पति अजीत चढ़ार, करिश्मा पति राजू पटेल, पूजा और शिल्पा पति राहुल सभी निवासी सागर विधानसभा क्षेत्र के खाते खुलवाकर 1500-1500 रुपए की राशि बैंक खातों में ट्रांसफर की है।
जिला कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष अखिलेश मोनी केशरवानी ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र की बहनों को राशि देकर पूर्व मुख्यमंत्री और मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कमलनाथ के द्वारा किए गए
वचन पर अमल किया है। प्रदेश सरकार ने लाड़ली बहन योजना का लाभ केवल 23 वर्ष से लेकर 60 वर्ष की विवाहित महिलाओं के लिए ही लागू करने की घोषणा की है। यह घोषणा चुनावी हथकंडा है।
इसे लागू करते-करते चुनाव नजदीक आ जाएंगे और योजना पर अमल नहीं हो पाएगा। कुछ दिन पहले महिलाओं का एक प्रतिनिधि मंडल आकर मुझसे मिला था।
उन्होंने अपने परिवार की आर्थिक स्थिति बताते हुए गरीब परिवारों को लाड़ली बहना जैसी योजनाओं का लाभ दिलाने की बात कही थी। महिलाओं का दुख देखकर मैंने स्वयं की अर्जित धनराशि से उपेक्षित महिलाओं की सेवा करने का संकल्प लिया है।
योजना से वंचित सागर विधानसभा क्षेत्र महिलाओं के खातों में 1500-1500 की राशि ट्रांसफर की है। साथ ही उन्होंने कहा कि सागर विधानसभा क्षेत्र की वे महिलाएं जो 23 वर्ष से कम आयु की हैं
या 60 वर्ष से अधिक उम्र की हैं और अविवाहित हैं, ऐसी महिलाओं के खाते खुलवाकर 1500 रुपए की राशि प्रति माह उनके खातों में ट्रांसफर की जाएगी। विधानसभा क्षेत्र की जरुरतमंद महिलाएं 7000567001 पर संपर्क कर सकती हैं।