रीवा

साथी बोले- मौसम खराब है फिर भी नहीं रुके पायलट कोहरे के कारण रास्ता भटका प्लेन  ग्रामीणों ने बताया विमान हादसे का मंजर 

साथी बोले- मौसम खराब है फिर भी नहीं रुके पायलट कोहरे के कारण रास्ता भटका प्लेन  ग्रामीणों ने बताया विमान हादसे का मंजर 

मध्यप्रदेश के रीवा में ट्रेनी प्लेन क्रैश होने से बिहार के पटना के रहने वाले पायलट कैप्टन विमल कुमार (54) की मौत हो गई। वहीं, राजस्थान के छात्र सोनू यादव (22) घायल हो गए। हादसा चोरहटा थाना क्षेत्र के उमरी गांव में हुआ। जहां ट्रेनी विमान आम के पेड़ से टकराकर मंदिर के शिखर पर जा गिरा। दैनिक भास्कर ने घटनास्थल पर जाकर ग्राउंड रिपोर्ट की।

प्रत्यक्षदर्शी ने बताया हादसे का खौफनाक मंजर

गुरुवार रात करीब 11:30 बजे थे। कड़कड़ाती ठंड थी। कोहरा भी बहुत था। हम सब घर के अंदर थे। अचानक तेज धमाका सुनकर बाहर निकले। देखा कि कोई प्लेन क्रैश हो गया है। घर के सामने खलिहान में विमान टुकड़े-टुकड़े में पड़ा था। आम के पेड़ के पास गए, तो ऊंचाई पर दो लोग फंसे थे, तभी परिवार ने शोर मचाया।

शोर सुनकर ग्रामीण दौड़े। करीब 5 से 7 लोगों ने ट्रेनी विमान को साइड में किया। इसके बाद दोनों लोगों के सीट बेल्ट हंसिया से काटकर उन्हें उतारा। दोनों को जमीन में ​लिटा दिया। देखा तो एक की मौत हो चुकी थी। दूसरे की हालत सीरियस थी।

इसी बीच, पायलट के जेब में मौजूद मोबाइल की घंटी बजी। फोन रिसीव किया। फाल्कन एविएशन एकेडमी के अधिकारियों को बताया कि चोरहटा हवाई पट्‌टी के नजदीक उमरी गांव में प्लेन क्रैश हो गया है। 15 मिनट में अफसर पहुंच गए। इसी बीच, पुलिस को भी सूचना दे दी।

साथियों ने कैप्टन से किया था मना 

रीवा हवाई पट्टी को हवाई अड्डे के रूप में विकसित किया जा रहा है। यहां पायलट ट्रेनिंग सेंटर में फाल्कन एविएशन एकेडमी प्रशिक्षुओं को ट्रेनिंग देती है।

कंपनी के अफसरों के मुताबिक चीफ फ्लाइंग इंचार्ज (सीएफआई) विमल कुमार को रात 9 बजे मौसम खराब होने के कारण साथियों ने मना किया था। फ्लाइंग क्लब के हेड विमल कुमार थे। ऐसे में उन्होंने ट्रेनी पायलट सोनू यादव से कहा कि चलो एक राउंड मारकर आते हैं। बॉस का हुक्म मानकर सोनू यादव भी साथ में चले गए।

आखिरी बार कहा था- सुरक्षित लैंडिंग की कोशिश कर रहा हूं

एटीसी पायलट ट्रेनिंग सेंटर चोरहटा हवाई पट्टी से चीफ फ्लाइंग इंचार्ज (सीएफआई) की रात 10.30 बजे तक बात चल रही थी। वह रास्ता भटक गया था। अचानक कोहरा बढ़ने के कारण एटीसी ने कैप्टन विमल कुमार को आगाह किया था, तब तक देर हो चुकी थी। उन्होंने आखिरी बार एटीसी से कहा था कि चोरहटा और उमरी के आसपास ही हैं। सुरक्षित लैंडिग की कोशिश कर रहा हूं।

एक घंटे बाद पहुंची पुलिस 

ट्रेनी पायलट का फोन रिसीव करने वाले चंद्रप्रताप सिंह ने दैनिक भास्कर को बताया कि एयरक्राफ्ट के क्रैश होने की जानकारी पहले एकेडमी को मिली है। जो 15 मिनट में पहुंच गए। इसके बाद पुलिस को जानकारी दी। थाने का अमला एक घंटे में यानी आधी रात 12.30 बजे पहुंचा। कुछ देर बाद डीएसपी उदित मिश्रा, चोरहटा थाना प्रभारी निरीक्षक अवनीश पाण्डेय भी पहुंच गए थे।

एंबुलेंस ने 15 किलोमीटर की दूरी 15 मिनट में तय की

पुलिस अफसरों ने दोनों को एंबुलेंस से घटनास्थल से 15 ​किलोमीटर दूर एसजीएमएच 15 मिनट में पहुंचाया। इधर, संजय गांधी हॉस्पिटल के CMHO डॉ. अवतार सिंह ने बताया कि रात करीब 12:47 बजे दो लोगों को अस्पताल लाया गया था। उसमें एक सोनू यादव की हालत में सुधार है। इन्हें धीरज तिवारी लेकर आए थे। विमल कुमार को मृत अवस्था में लाया गया था।

बेहतर उपचार के लिए परिजन ले जाएंगे जयपुर

एसजीएमएच के डॉक्टरों ने बताया कि ट्रेनी पायलट सोनू यादव को बेहतर उपचार के लिए परिजन जयपुर लेकर जाएंगे। क्योंकि ट्रेनी पायलट के सिर और सीने में चोट लगी है। डॉक्टरों का दावा है कि एयरबैग खुलने के कारण ट्रेनी पायलट सुरक्षित है।

कमिश्नर, कलेक्टर व आईजी, एसपी भी पहुंचे

सूचना पर सुबह 9 बजे कलेक्टर मनोज पुष्प व एसपी नवनीत भसीन घटनास्थल पर पहुंचे। 10 बजे संभागायुक्त अनिल सुचारी व एडीजीपी केपी व्यंकटेश्वर राव भी उमरी गांव पहुंचे। इसके बाद सभी आला अधिकारी संजय गांधी अस्पताल पहुंचकर घायल ट्रेनी पायलट सोनू यादव से मुलाकात की 

विमल कुमार के मोहल्ले में छाया मातम

बिहार के पटना के आनंदपुरी कॉलोनी स्थित हाउस नंबर 85 में कैप्टन विमल की मां और भाई रहते हैं। घर में कुछ किराएदार भी हैं। उनसे पता चला कि गुरुवार शाम तक विमल कुमार की मां से उनकी बात हुई थी। तब तक सब कुछ सही था। शाम को वह घर के आंगन से कपड़े उतारने आई थीं।

मकान में किराए से रह रहीं प्रभा ने बताया कि पिछले महीने विमल कुमार अपनी पत्नी के साथ बेटी शिवांगी को एग्जाम दिलाने के लिए पटना आए थे। वो करीब 4-5 दिनों तक पटना में रहे थे। कैप्टन विमल कुमार की पत्नी की तबीयत अक्सर खराब रहती है।

समाचार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button