
गुजरात जीत पर CM बोले- कांग्रेस खोजो यात्रा निकालनी पड़ेगी BJP कार्यालय में मनाया जश्न हिमाचल जीत कांग्रेस में मिठाइयां बांटी
गुजरात और हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव की तस्वीर साफ हो गई है। गुजरात में भाजपा, तो हिमाचल में कांग्रेस ने एकतरफा जीत हासिल की है। दोनों राज्यों में जीत का असर मध्यप्रदेश प्रदेश में भी देखा जा रहा है। भोपाल में भाजपा कार्यालय पर जीत का जश्न मनाया गया। यहां ढोल-नगाड़ों पर कार्यकर्ता नाचे। सीएम शिवराज सिंह चौहान ने बीजेपी ऑफिस पहुंचकर कार्यकर्ताओं का मुंह मीठा कराया। पीसीसी कार्यालय पर भी मिठाई बांटी गई।
गुजरात में भाजपा की रिकॉर्ड जीत के बाद मध्यप्रदेश में भी इसे दोहराने का दबाव बढ़ गया है। इसकी चिंता भी शिवराज सिंह के चेहरे पर दिखाई दी। उन्होंने कहा कि गुजरात की जीत, विजय नहीं महाविजय है। प्रधानमंत्री नरेंद्र माेदी ने गुजरात मॉडल के रूप में विकास का जो मॉडल दिया, वो देश और दुनिया को कई मायने में दिशा दिखा रहा है।
शिवराज ने राहुल की यात्रा पर उठाए सवाल
सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा- राहुल गांधी भारत जोड़ यात्रा कर रहे हैं, ऐसा ना हो कि बाद में उन्हें ‘कांग्रेस खोजो यात्रा’ करनी पड़े। 20 के करीब कांग्रेस का सिमट जाना, अपने आप में कांग्रेस की स्थिति क्या है, इसका प्रकटीकरण भी करता है।
हिमाचल में तस्वीर साफ होने के बाद कांग्रेस दफ्तर में जश्न
हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस को बहुमत मिलने के बाद भी मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के दफ्तर में सुबह से खासी हलचल नहीं दिखाई दी। दोपहर बाद जैसे ही कांग्रेस को बहुमत मिला, उसके बाद 3 बजे PCC में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एकत्रित होकर आतिशबाजी शुरू की। पीसीसी के बाहर प्रदेश महामंत्री राजीव सिंह, मीडिया विभाग के चीफ पीयूष बबेले ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को मिठाई खिलाकर बधाई दी।
इससे पहले पीसीसी पहुुंचे पूर्व पंचायत मंत्री कमलेश्वर पटेल ने दोनों राज्यों के चुनाव परिणामों पर कहा- जो रिजल्ट आए हैं, ये प्रदेश की जनता तय करती है। हमने कोशिश की है, कहीं कांग्रेस को सार्थक परिणाम मिले हैं, कहीं निराशा मिली है। जहां कमी है, वहां मंथन करके फिर प्रयास करेंगे, लेकिन कांग्रेस पार्टी की बढ़ोतरी हुई है। मप्र में इस बार एकतरफा जीत होगी। राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा में व्यस्त होने से गुजरात नहीं जा पाए। भारत जोड़ो यात्रा देश में जाति-धर्म के नाम पर फैलाई जा रही नफरत को दूर करने, बेरोजगारी, मंहगाई जैसे मुद्दों को लेकर पदयात्रा कर रहे हैं।
कमलनाथ ने किया ट्वीट
चुनाव के शुरुआती रुझानों के बाद पीसीसी चीफ कमलनाथ ने ट्वीट करते हुए लिखा- लोकतंत्र की ख़ूबसूरती किसी दल की ताक़त में नहीं बल्कि जनता की ताक़त में निहित है।
BJP अध्यक्ष बोले- मप्र में भी ऐसी आंधी आएगी
भाजपा के अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा – गुजरात के परिणाम जो आए हैं, ये राजनीति में इस देश के इतिहास में स्वर्णिम अध्याय है। भारत के इतिहास में किसी भी राज्य में इतना रिकॉर्ड जीत आज तक किसी दल की नहीं हुई। पीएम मोदी के गुड गवर्नेंस और विकास को जनता ने समर्थन दिया है। गुजरात के अंदर और हिमाचल में और इसी प्रकार से अमित शाह की जो चुनाव की रणनीति है। जिनको भारत नहीं दुनिया में राजनीति का चाणक्य कहा जाता है। अगले साल मध्यप्रदेश में 2023 का चुनाव भी है। पूरा विश्वास है कि ये आंधी मध्यप्रदेश में भी आएगी