भाजपा MLA ने पैगंबर पर की विवादित टिप्पणी, केस दर्ज, गिरफ्तारी की मांग

भाजपा MLA ने पैगंबर पर की विवादित टिप्पणी, केस दर्ज, गिरफ्तारी की मांग

 

पैगंबर मुहम्मद के खिलाफ कथित अपमानजनक टिप्पणी करने के आरोप में तेलंगाना में भाजपा विधायक टी राजा सिंह के खिलाफ मंगलवार को पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। भाजपा विधायक राजा सिंह द्वारा पैगंबर के बारे में बात करते हुए एक वीडियो जारी किया था और इस वीडियो में पैगंबर मुहम्मद के बारे में कुछ विवादित बातें कहीं गई थी, जिसको लेकर सोमवार को हैदराबाद में विरोध प्रदर्शन हुआ। विवाद बढ़ने पर पुलिस ने भाजपा विधायक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है, हालांकि प्रदर्शनकारी लगातार विधायक को गिरफ्तार करने की मांग कर रहे हैं। प्रदर्शनकारी शहर के पुलिस आयुक्त सीवी आनंद के कार्यालय सामने लगातार प्रदर्शन कर विधायक की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि सिंह ने समुदाय की भावनाओं को आहत किया और उनकी तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को बशीर बाग में आयुक्त कार्यालय में हिरासत में लिया और उन्हें कई थानों में स्थानांतरित कर दिया।

गौरतलब है कि इस पूरे विवाद की शुरुआत कॉमेडियन मुनव्वर फारूकी के शो से हुई थी। भाजपा विधायक ने कॉमेडियन मुनव्वर फारूकी के खिलाफ एक “कॉमेडी” वीडियो जारी किया था, जिन्होंने बीते सप्ताह हैदराबाद में विरोध प्रदर्शन के बीच एक शो आयोजित किया था।

राजा सिंह ने फारूकी के शो को रोकने की धमकी देते हुए कहा था कि वह कार्यक्रम स्थल पर सेट को जला देंगे। हालांकि धमकी देने के बाद राजा सिंह को घर में ही नजरबंद रखा गया था। राजा सिंह ने कहा कि कॉमेडियन मुनव्वर फारूकी ने हिंदुओं की धार्मिक भावनाओं को आहत किया। इसके बाद भाजपा विधायक ने भी अपने वीडियो में कथित तौर पर पैगंबर पर अपमानजनक टिप्पणी भी की थी।

Exit mobile version