मध्यप्रदेश में मानसून की आमद अब बस कुछ ही दिन दूर है। इससे पहले ही प्रदेश के कई इलाकों में मौसम ने करवट लेना शुरू कर दिया है। रविवार को भोपाल, इंदौर, नर्मदापुरम, बड़वानी और खंडवा सहित कई जिलों में तेज हवाओं के साथ जोरदार बारिश हुई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिली।
छाए बादल, गिरी गर्मी
प्रदेश में इस समय छह अलग-अलग स्थानों पर सक्रिय मौसम प्रणालियों का असर देखने को मिल रहा है। बादलों की मौजूदगी और बौछारों की वजह से तापमान में बड़ी गिरावट दर्ज की गई है। बावजूद इसके, सीधी में पारा 41.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया जो राज्य का सर्वाधिक तापमान रहा।
पांच प्रमुख शहरों का तापमान (रविवार को)
भोपाल: 39.0°C
इंदौर: 38.8°C
ग्वालियर: 38.5°C
उज्जैन: 37.8°C
जबलपुर: 37.6°C
वहीं, पचमढ़ी सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 17.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
राज्य में हवा की गुणवत्ता
मध्यप्रदेश के दमोह की हवा इस समय प्रदेश की सबसे साफ हवा मानी जा रही है। यहां का एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 62 दर्ज किया गया, जो ‘सामान्य’ श्रेणी में आता है। अन्य प्रमुख शहरों का AQI इस प्रकार रहा:
जबलपुर: 77
भोपाल: 82
इंदौर: 89
ग्वालियर: 120 (यहां वायु गुणवत्ता खराब हुई है)
कैसा रहेगा अगला हफ्ता
मौसम विभाग के अनुसार, मानसून की उत्तरी सीमा इस समय मुंबई, अहिल्यानगर, आदिलाबाद, भवानीपटना, पुरी और बालुरघाट से होकर गुजर रही है। महाराष्ट्र और राजस्थान में ऊपरी हवा के दबाव के चलते चक्रवातीय गतिविधियां बनी हुई हैं, जो धीरे-धीरे मध्यप्रदेश की ओर बढ़ रही हैं।
पूर्वानुमान के अनुसार, मानसून अगले 24 से 72 घंटों के भीतर गुजरात, विदर्भ, ओडिशा और छत्तीसगढ़ में आगे बढ़ेगा। मध्यप्रदेश में इसकी पूरी तरह से एंट्री 18 जून तक होने की संभावना है। तब तक रुक-रुककर बारिश का सिलसिला जारी रहेगा।