लाडली बहनों ने भैया शिवराज को पहनाई 101 फीट लंबी राखी

Ladli Behna Yojna : लाड़ली बहनों ने भैया शिवराज को पहनाई 101 फीट लंबी राखी। जानकारी के अनुसार  मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सोमवार को बैतूल पुलिस ग्राउंड पर मुख्यमंत्री आवासीय भू-अधिकार पत्र वितरण एवं महिला सम्मेलन में शामिल हुए।

कोई भी आवासहीन नहीं रहेगा

मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री आवासीय भू-अधिकार योजना में सभी आवासहीन को रहने के लिए नि:शुल्क जमीन दी जाएगी, कोई भी आवासहीन नहीं रहेगा। संसाधनों का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाया जा रहा है। जनजातीय वर्ग को भी जल, जंगल और जमीन का हक दिया जा रहा है। पेसा नियम में पंचायतों में ग्राम सभा में शांति और विवाद निवारण समिति द्वारा गाँव के विवाद गाँव में ही निराकृत किए जा रहे हैं, गरीबों को शोषण से बचाया जाएगा।

अब बेटी को भी अनुकंपा नियुक्ति

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि शासकीय सेवाओं में पहले बेटे को ही अनुकंपा नियुक्ति दी जाती थी। अब निर्णय लिया गया है कि बेटी को भी अनुकंपा नियुक्ति मिलेगी। मुख्यमंत्री ने ग्राम जीन निवासी बेटी संगीता गोहे को अनुकंपा नियुक्ति पत्र भी प्रदान किया।

अब अहाता बार नहीं खुलेंगे

मुख्यंमत्री श्री चौहान ने कहा कि प्रदेश में अब अहाते बार नहीं खुलेंगे। सभी अहाते बंद कर दिए गए हैं। कोई सड़क पर या पार्क में शराब नहीं पियेगा। इस व्यवस्था से महिलाओं पर होने वाले अत्याचार रूकेंगे और शराब पर नैतिक अंकुश लगेगा।

शिक्षा के क्षेत्र में सीएम राईज से बदलाव आएगा

मुख्यंमत्री श्री चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश को बदलने की कोशिश की जा रही है। शिक्षा को और बेहतर बनाने के लिए अब पूरे प्रदेश में सीएम राईज स्कूल की स्थापना हो रही है, जिससे बच्चों को बेहतर शिक्षा प्राप्त हो सके। प्रदेश में मेडिकल की पढ़ाई भी अब हिन्दी में कराई जा रही है।

हर घर में नल से जल मिलेगा

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी बहनों को पानी लाने के लिए अब दूर जाने और हेंडपंप चलाने की जरूरत नहीं है। जल जीवन मिशन से घर में ही नल से जल मिलेगा।

समाज जगाने के लिए सभी को आगे आना होगा

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि समाज को बदलना है और एक नया मध्यप्रदेश गढ़ना है। इसके लिए सभी को मिल कर कार्य करना होगा। उन्होंने महिलाओं के साथ सभी का आह्वान किया कि मिल कर अन्याय के खिलाफ खड़े हो जाएं।

विकास कार्यों की प्रदर्शनी का अवलोकन

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कन्या-पूजन एवं दीप प्रज्‍ज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया। विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों को हितलाभ वितरित और विकास प्रदर्शनी का अवलोकन किया।

लाड़ली बहनों ने भैया शिवराज को पहनाई 101 फीट लंबी राखी

महिला सम्मेलन में जिले की 500 ग्राम पंचायतों की बहनों ने अपने भैया मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को 101 फीट लंबी राखी पहना कर लाड़ली बहना योजना शुरू करने के लिए कृतज्ञता प्रकट की। मुख्यमंत्री को प्रतीक स्वरूप लाड़ली बहना बैच भी लगाए गए। सम्मेलन में जन-प्रतिनिधि, बड़ी संख्या में महिलाएँ और नागरिक उपस्थित थे।

Exit mobile version